पूर्व सीएम कोड़ा ने केयू के वीसी से की छात्रों की समस्याओं के निदान की मांग

भास्कर न्यूज| चाईबासा शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता मधु कोड़ा ने कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के कुलपति से शिष्टाचार मुलाकात कर छात्रहित में विस्तृत वार्ता की। इस दौरान पीपुन बारीक, शिवशंकर बेहरा, हरिकृष्णा नायक, शिवम् चित्रकार आदि छात्र उपस्थित थे। इस दौरान विश्वविद्यालय से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया। विश्वविद्यालय अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों (2017-20, 2018-21 एवं 2019-22 सत्र) के छात्रों की स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण छात्रों का भविष्य अधर में है। इनके लिए विशेष परीक्षा आयोजित कर अंक पत्र उपलब्ध कराया जाए। बीएड पाठ्यक्रम में 2015 से लागू पेपर्स प्रणाली में एक पेपर की लगातार अनुपलब्धता से छात्र प्रभावित हो रहे हैं। इसका समाधान शीघ्र किया जाए। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पीजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया है, जिससे छात्रों को आगे के वर्ग में नामांकन में कठिनाई हो रही है। कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों में क्षेत्रीय भाषा संथाली, हो, कुड़ुख, कुरमाली, उड़िया एवं बांग्ला के लिए अलग-अलग विभाग निर्धारित कर नियमित पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक है। कुछ कॉलेजों में कंप्यूटर ऑपरेटर एवं सुरक्षा कर्मियों का 10 महीने से मानदेय लंबित है। वहीं अनुबंधित शिक्षकों के नवीकरण की प्रक्रिया लंबित होने से शिक्षक और छात्र दोनों को समस्या हो रही है। कई कॉलेजों को दस महीने से अनुदान प्राप्त नहीं हुआ है। जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। जेपीएससी द्वारा नियुक्त शिक्षकों का पिछले 4 वर्षों से वेतन नहीं बढ़ाया गया है। इसे शीघ्र बढ़ाकर लागू किया जाए। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी कॉलेजों में रिक्त प्रोफेसर-लेक्चरर और कॉलेज कर्मियों की बहाली शीघ्र करने की बात रखी। कुलपति ने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *