भर्ती से नई अकाली लीडरशिप उभरेगी : ज्ञानी हरप्रीत सिंह

भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब में जल्द नई लीडरशिप का आगाज होगा तथा भगौड़े अकाली दल का अंत होगा। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि 2 दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब से शिअद की भर्ती के लिए गठित कमेटी सच्चाई का दामन थामते हुए असली भर्ती करने की प्रक्रिया जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि इस भर्ती से नई अकाली लीडरशिप उभरेगी जो पंथक हितों की बात करते हुए इसके लिए काम भी करेगी। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि जत्थेदारों की नियुक्ति व सेवा मुक्ति के सेवा नियम बनाने के लिए एसजीपीसी की ओर से उनसे सुझाव नहीं मांगे गए हैं अगर एसजीपीसी लिखित सुझाव मांगेगी तो वह अवश्य देंगे। एसजीपीसी के आम चुनाव जल्द से जल्द होने चाहिए, केंद्र सरकार को उक्त चुनाव जल्द से जल्द करवाने की घोषणा करनी चाहिए। समस्त सिख संस्थाओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में कूदना चाहिए ताकि भगौड़े अकाली दल का एसजीपीसी से कब्जा खत्म हो सके। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पहलगाम आतंकवादी हमले की भी निंदा की तथा कहा कि इस घटना से कश्मीर घाटी के लोगों को सबसे ज्यादा आर्थिक नुक्सान हुआ है। व्यापार पटरी पर लौट आया था लेकिन एक बार फिर सबकुछ थम गया है। उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के साथ घटित घटना की निंदा करते हुए कहा कि इसे लेकर एसजीपीसी को केंद्र सरकार व एयरलाइंस प्रति रोष जताना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *