भास्कर न्यूज |लुधियाना पिछले 6 महीनों से ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ियों की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) की छपाई रुकी होने के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर वे लोग जो अपने वाहन लेकर पंजाब से बाहर के राज्यों में जाते हैं। उनके लिए यह एक बड़ी समस्या बन गई थी, लेकिन अब पंजाब सरकार द्वारा प्रिंटिंग कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। परिवहन विभाग के अनुसार, लुधियाना शहर को सबसे पहले पेंडिंग प्रिंटिंग भेजी जा रही है। विभाग के मुताबिक, अब तक फरवरी तक के लगभग 5500 लाइसेंस और आरसी घर-घर पहुंचाई जा चुकी हैं। इस संबंध में आरटीए कुलदीप बावा ने बताया कि विभाग की ओर से लुधियाना, अमृतसर और जालंधर को प्राथमिकता में रखा गया है। अब तक लुधियाना से करीब 5500 प्रिंट निकल चुके हैं। मार्च तक के सभी पेंडिंग डॉक्यूमेंट इस महीने के अंत तक लोगों के घर पहुंच जाएंगे। हैबोवाल निवासी जसविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने नए साल पर गाड़ी खरीदी थी, लेकिन आरसी की छपाई न होने के कारण उन्हें अप्रैल तक इंतजार करना पड़ा।उन्होंने कहा कि बिना आरसी के अपनी गाड़ी लेकर किसी और राज्य में नहीं जा सकता था। जिससे उनका बिजनेस प्रभावित हुआ, क्योंकि माल की डिलीवरी समय पर नहीं हो पा रही थी। इसी तरह मॉडल टाउन के तरनजोत सिंह, जो होजरी के व्यापारी हैं, ने बताया कि उन्होंने दिवाली के मौके पर नई कार खरीदी थी। जिससे वह हिमाचल माल सप्लाई करना चाहते थे, लेकिन बिना आरसी होने के कारण वह गाड़ी पंजाब से बाहर नहीं ले जा सके, जिससे डील कैंसिल हो गई और उनको नुकसान झेलना पड़ा। किदवई नगर की अर्चना शर्मा ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में टीचर हैं। उन्होंने दिसंबर में ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट पास किया था, मगर प्रिंटिंग न होने के कारण उन्हें लाइसेंस नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वह खुद गाड़ी चला कर स्कूल जाना चाहती थी, लेकिन मजबूरी में रोज कैब करनी पड़ी। उन्हें इस महीने ही लाइसेंस घर पहुंचा है, तभी जाकर ड्राइविंग शुरू की है।


