हनुमानगढ़ में एक युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला किया। घटना 23 अप्रैल की शाम 5 बजे की है। रामप्रसाद नाम का युवक सरकारी ठेके का सामान एक जगह से दूसरी जगह ले जा रहा था। रास्ते में दुकान के पास मोड़ पर अमन गोंद, धनराज गोंद, संदीप गिल, पवन कतली और 10-15 अन्य लोग कार और बाइक पर सवार होकर आए। उनके पास पिस्तौल, कापा और अन्य हथियार थे। आरोपियों ने रामप्रसाद की पिटाई कर दी और उससे 15 हजार रुपए छीन लिए। हमले में रामप्रसाद की आंख के पास चोट लगी। उसका हाथ का अंगूठा टूट गया और पैरों में भी चोटें आईं। ठेके का सेल्समैन उसे राजकीय जिला अस्पताल ले गया। चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। पीड़ित की मां सारदा ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। रामप्रसाद ने लक्की को किश्तों पर मोबाइल फोन दिलवाया था। लक्की ने किश्त नहीं भरी तो रामप्रसाद ने मोबाइल वापस ले लिया। इसी बात को लेकर लक्की और उसके दोस्त अमन गोंद व धनराज गोंद रंजिश रखने लगे। करीब 10 दिन पहले भी हिसारिया मार्केट में इन लोगों ने रामप्रसाद पर हमला किया था। टाउन पुलिस थाने में चार नामजद और 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसआई दलीप सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।


