लुधियाना में जगराओं के थाना जोधा के अधीन पड़ते पेट्रोल पंप पर गाड़ी में 2590 रुपए का डीजल डलवाकर फरार हुए आरोपी दो सगे भाई निकले। पुलिस ने दोनों को मामले में नामजद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी सुखदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई अर्शदीप सिंह फरार है। दोनों आरोपी गोदवाल रायकोट के रहने वाले हैं। थाना जोधा के इंचार्ज एसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पहले दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने गाड़ी का नंबर ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंची पूछताछ में आरोपी सुखदीप सिंह ने बताया कि उसने अपने भाई अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सुखदीप को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि फरार अर्शदीप की तलाश लगातार जारी है। यह है पूरा मामला गांव टूसे के पेट्रोल पंप पर कार में आए दो युवकों ने पंप कर्मी को गाड़ी में 2590 रुपए का डीजल डालने को कहा। जैसे ही कर्मी ने डीजल डालकर पैसे मांगने लगा, तो आरोपी बिना पैसे दिए ही फरार हो गए। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपियों ने वारदात से पहले गाड़ी के कुछ नंबर मिटा दिए थे, ताकि पुलिस गाड़ी को ट्रेस न कर सके। लेकिन पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में गाड़ी का नंबर धुंधला कैद हो गया। पंप मालिक सरदीप सिंह ने जब फुटेज को जूम कर चेक किया तो गाड़ी का नंबर PB 13 AW 1571 साफ दिखाई दिया। इसके बाद सरदीप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ दर्ज किया था केस पुलिस ने अज्ञात कार सवार दो युवकों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गाड़ी के नंबर को ट्रेस कर दोनों भाइयों पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने एक भाई को गिरफ्तार कर गाड़ी भी बरामद कर ली। दूसरा भाई अर्शदीप फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों पर पहले भी 2024 में थाना सिटी रायकोट में लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज हो चुका है।


