पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कपूरथला अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने बताया कि चालू सीजन में 124 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य आसानी से पूरा होगा। मंडियों में अब तक 90 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। सरकारी एजेंसियों पनसप, पंजाब स्टेट वेयरहाउस कार्पोरेशन, मार्कफेड और पन ग्रेन ने 82 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। लिफ्टिंग के लिए पुख्ता प्रबंध मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में कैश क्रेडिट लिमिट, मंडियों, अनाज भंडारण और लिफ्टिंग के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। किसानों को गेहूं का भुगतान 24 घंटे के अंदर किया जा रहा है। अब तक 5 लाख किसानों को 15 हजार करोड़ रुपए का भुगतान हो चुका है। श्रमिकों की मांग पर लोडिंग चार्ज बढ़ाकर 2.64 रुपए प्रति बोरी कर दिया गया है। इससे मजदूरों को 10 करोड़ रुपए का अतिरिक्त लाभ होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेहूं की मांग बढ़ी कटारूचक ने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेहूं की मांग बढ़ी है। पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीद रही है। किसानों, आढ़तियों और मजदूरों ने खरीद प्रबंधों पर संतुष्टि जताई है। आग के कारण खराब हुई गेहूं की फसल के मुआवजे के बारे में उन्होंने कहा कि इस संबंध में उपायुक्तों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे संबंधित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें। कैबिनेट मंत्री ने मंडी का दौरा कर परिवहन का भी जायजा लिया तथा उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए। किसानों और आढ़तियों से की बात उन्होंने किसानों और आढ़तियों से भी बात की, जिन्होंने चल रही खरीद से संतुष्टि व्यक्त की। इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार पांचाल, एसएसपी गौरव तुरा, जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन ललित सकलानी, चेयरमैन जगजीत सिंह बिट्टू, एसडीएम इरविन कौर, संयुक्त सचिव गुरपाल सिंह, विज्ञान प्रौद्योगिकी बोर्ड के सदस्य कंवर इकबाल सिंह, संयुक्त सचिव परविंदर सिंह ढोट व अन्य उपस्थित थे।


