उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में तीन माह पहले ट्रक चालक से लूट के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी भरत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मामले में कागदर माण्डवा निवासी सोमा पुत्र कचरा मीणा, बाबूलाल पुत्र काउवा निवासी कागदर और चुन्नीलाल पिता नानका निवासी कागदर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी शराब पार्टी, मौज-शौक के लिए रात के समय रोड किनारे ट्रक चालकों को चाकू और तलवार से डराकर लूट की वारदात करते थे। थानाधिकारी ने बताया कि सिरोही निवासी वीरेन्द्र पुत्र नारायणलाल गहलोत ने 30 जनवरी 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि वह रात के समय परसाद से खेरवाड़ा की तरफ मूंगफली से भरा ट्रक लेकर जा रहा था। कागदर हाईवे पर वह भारत पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर रस्सा खींच रहा था। उसी दौरान तीन अज्ञात युवक आए और चाकू दिखाकर उससे एक मोबाइल व 29000 रुपए छीन लिए। इस दौरान पीड़ित के साथ डंडों से बुरी तरह मारपीट की। जिसके बाद फरार हो गए। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।


