कोटा शहर पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसा है। युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पिता पुत्र समेत 5 बदमाशों को पकड़ा। वहीं डोडा-चूरा तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 किलो डोडा चूरा जब्त किया। सिटी एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 25 अप्रैल को विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला किया था। युवक पर चाकू से 4-5 जगह वार किए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भोजराज (42) भोजराज के बेटे बोबी मेहरा (20), लवमेहरा (20) निवासी संजय नगर थाना विज्ञान नगर, हर्षित नायक (20) निवासी उड़िया बस्ती, शोयब हुसैन (19) निवासी अनन्तपुरा को गिरफ्तार किया है। वहीं अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरकेपुरम पुलिस ने कार्रवाई की है। टीम ने गश्त के दौरान टैगोर नगर खेजड़ी वाले बालाजी मंदिर के पास से दो युवकों को पकड़ा। जिनके पास से 9 किलो 320 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ है। आरोपी रामलाल (25) रमेश (19) बोराबास थाना आरकेपुरम क्षेत्र के रहने वाले है।


