नालसा की योजना के तहत नशा पीड़ितों को विधिक मिलेगी सेवाएं
अनूपपुर। शनिवार को मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माया विश्वलाल के निर्देशानुसार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनोद कुमार वर्मा, न्यायाधीश सुधा पाण्डेय, बाॅबी सोनकर, सृष्टि साहू एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल की उपस्थिति में ग्राम पंचायत खमरिया एवं ग्राम पंचायत धिरौल में नशा उन्मूलन सप्ताह अंतर्गत नालसा की योजना, नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवा योजना 2015 के संबंध में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। उक्त साक्षरता शिविर में न्यायाधीशगण द्वारा उपस्थित ग्रामीणजनों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया गया। जिस परिवार का मुखिया नशा करता है। उस परिवार में सुख-शांति नहीं रहती है। बच्चों की उचित परवरिश नहीं हो पाती है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है तथा उस परिवार में घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं हमेशा होती है, जिससे आस-पास का समाज भी प्रभावित होता है। न्यायाधीशगण द्वारा बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति नशे का आदि है तो वह नशामुक्ति केन्द्र जिला चिकित्सालय अनूपपुर में जाकर काउंसलर की मदद से नशा छोड़ सकता है। कार्यक्रम में डाॅ. अंजली सिंह राठौर, नशामुक्ति केन्द्र एवं नर्सिंग आफिसर प्रभा सिंह राठौर द्वारा ग्रामीणजन को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नशा छोड़ने के उपाय भी बताये गये। जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल द्वारा विधिक सहायता, विधिक सलाह, मध्यस्थता इत्यादि की जानकारी दी। साथ दिनांक 10 मई, 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में भी राजीनामा योग्य लंबित और प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण के संबंध में सहयोग एवं प्रचार-प्रसार की अपील की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत खमरिया की सरपंच राजवती सिंह, सचिव भवानी प्रसाद यादव, ग्रा.पं. धिरौल के उपसरपंच प्रवीण सिंह बघेल, स्कूल प्राचार्य संध्या पाण्डेय, लीगल एड डिफेंस काउंलिस डिप्टी रामकृष्ण सोनी, ग्राम पंचायत की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


