प्रतापगढ़ में 5 साल से फरार डोडाचूरा तस्कर गिरफ्तार:239 किलो डोडाचूरा तस्करी के मामले में था वांछित, बालोतरा जेल से लाया गया

प्रतापगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बालाराम (29) बाड़मेर के हाथीतला का रहने वाला है। मामला 22 दिसंबर 2021 का है। छोटीसादड़ी थाना पुलिस को गश्त के दौरान गजपुरा रोड पर कुछ लोग स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर में एक पिकअप से डोडाचूरा स्थानांतरित करते दिखे। पुलिस को देखते ही आरोपी भाग निकले। मौके पर एक आरोपी कंवराराम को पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी स्कॉर्पियो और पिकअप से 239.74 किलो डोडाचूरा और एक पिस्टल बरामद की। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। जांच में घनश्याम जटिया, भैरूलाल धाकड़, वीरू उर्फ विरेन्द्र आंजना, किरताराम उर्फ लादेन, ललित आंजना और डोडाचूरा विक्रेता पीराराम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार बालाराम को बालोतरा उप कारागृह से प्रोडक्शन वारंट के जरिए लाया गया। उसे एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस जब्त डोडाचूरा और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *