सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर का कहना है कि पहलगाम हमले के बाद कुछ लोग कह रहे हैं कि कुछ नहीं किया। बता दें कि आतंकी हमले के तीसरे दिन सिंधु जल समझौता तोड़ा था। आने वाले दिनों में एक बूंद पानी पाकिस्तान नहीं जाने देंगे। वो(पाकिस्तान के लोग) प्यासे मरेंगे और ये पानी आपके काम आएगा। माथुर का रविवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में अभिनंदन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल माथुर ने कहा कि कुछ बेईमान लोगों ने पहलगाम में आतंक किया है। हमें विश्वास है कि बदला लिया जाएगा। इससे पहले भी हुए हमलों का बदला लिया है। चिंता मत करिए। घटना के बाद आतंकियों का सपोर्ट करने वालों को जवाब दिया है। अब भारत की ताकत को सब जानते हैं। आतंकी हमले के बाद अमेरिका, ईरान, रूस ही नहीं, यूएई भी कह रहा है कि जो कार्यवाही करनी है करिए, हम साथ में खड़े हैं। ये गाड़ी रुकने वाली नहीं है। पहले भी घटनाएं घटी है। लेकिन पहले कोई देश साथ नहीं था। अब बड़े बड़े देश साथ हैं। उन्होंने संबोधन में चीन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चीन के बॉर्डर पर हम वहीं के वहीं है। 1962 में चीन से हारे थे। लेकिन उस समय दिल्ली में कमजोर नेता था। अब नहीं। वो दिन और थे। माथुर बोले- चीन की हिम्मत नहीं कि वो आगे बढ़ सके
माथुर ने कहा कि हमारे यहां के नेता हर जगह चर्चा करते हैं कि चीन ने भारत की जमीन दबा ली। मैं कई जगह घूमकर भी आया हूं। आपके यहां का एक एमएलए गवाह भी है। एक इंच जमीन नहीं दबाई। 1972 से हमारे सैनिक बॉर्डर पर खड़े हैं और चीन की हिम्मत नहीं है कि वो आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी बहुत बड़ी पार्टी है। रुकने वाली नहीं है। पार्टी में नए लोगों को बड़े मुकाम मिलते हैं। काम करने वालों को महत्व दिया जाता है। सीएम भजनलाल शर्मा राजस्थान के मुख्यमंत्री बनाए गए। अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे है। केंद्रीय मंत्री ने कहा- हमारी आत्मा पर हमला हुआ
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि पहलगाम में कुछ क्रूर आतंकियों ने निर्दोष भारतीयों की हत्या की है। पहले भी हमले में निर्दोष लोग मारे गए थे। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमला हमारी आत्मा पर हुआ है, इसलिए ये देश आतंकी हमले का जवाब देगा। इस दौरान उन्होंने पंक्तियां भी कहीं। उन्होंने कहा- ‘जब- जब आतंक चलेगा चाल, क्रूर निरंकुश बनेगा विकराल, कालिया नाग का मर्दन तब उचित है, आतंकवाद का अंत अब सुनिश्चित है।’ भूपेंद्र यादव ने कहा कि आज ई-लाइब्रेरी की शृंखला बनाने की पहल माननीय ओम माथुर ने अपने सांसद कोष से शुरू की थी। ये जान गंवाने वाले भाइयों की स्मृति के लिए है। वहीं डिजिटल एजुकेशन गांवों में बढ़ाने की जरूरत है। उसी कड़ी में अलवर के विवेकानंद स्मारक पर शुरुआत की है। वैसे ई लाइब्रेरी बनाने का काम तेजी से आगे बढ़ा है। सिलीसेढ़ योजना पर तेजी से चल रहा काम
वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार आने के बाद प्रदेश में विकास तेजी से हुआ है। अलवर में पानी की लाने के लिए सिलीसेढ़ योजना पर काम तेजी से आगे बढ़ा है। जल्दी शहर की जनता तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के इंतजाम किए जा रहे है। अभिनंदन कार्यक्रम से पहले सीएमएचओ कार्यालय में नवनिर्मित भवन बनाए गए स्वामी विवेकानंद स्मारक परिसर में ई लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। साथ ही ई- गुरुकुल ज्ञान वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।


