अमृतसर | पंजाब ने एक बार फिर अपने गुरुओं की शिक्षाओं पर चलते हुए प्यार, शांति और भाईचारे का संदेश दिया है। पहलगाम में हाल ही में हुई घटना के बाद समाज में फैली नफरत को खत्म करने और जरूरतमंदों की मदद के लिए सिख समाज ने एक नई पहल की है। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350वें वर्ष के मौके पर, जब पूरा पंजाब उनके बलिदान को याद कर रहा है, सिख संगठनों ने जरूरतमंदों की मदद के लिए एक राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस सेवा का नेतृत्व खुशहाल सिंह (केंद्री सिंह सभा) और जसविंदर सिंह एडवोकेट (अकाल पुरख की फौज) कर रहे हैं। पंथक तालमेल संगठन के संयोजक ज्ञानी केवल सिंह ने कहा कि पंजाब हमेशा से गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं पर चलता आया है और आज भी हम उसी राह पर हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कौम को कुछ लोगों के गलत कामों की वजह से दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इस मौके पर कुलजीत सिंह ने एक मिसाल साझा की कि कैसे 14 नर्सिंग स्टूडेंट्स, जिनमें साकिब अहमद भी शामिल था, को सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब का हर व्यक्ति इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद छात्रों और लोगों की मदद के लिए आगे आए। सभी लोगों से अपील की गई है कि वे समाज में शांति और भाईचारे को मजबूत करें और नफरत फैलाने वालों से सावधान रहें। साथ ही, अगर कोई विद्यार्थी या व्यक्ति मुश्किल में है तो मदद जरूर करें।


