गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सोमवार सुबह जमकर बारिश हुई और ओले भी गिरे। अमरकंटक इलाके में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि हुई है। अमरपुर में बर्फ की मोटी परत खेतों में जम गई जिससे धान की फसल खराब हो गई है। कल तक जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस था, वहीं आज यह 33 डिग्री तक पहुंच गया। इस तरह तापमान में 10 डिग्री की कमी दर्ज की गई।अचानक मौसम बदलने से सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, 12 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। तेंदू और जामुन की फसलों को नुकसान तेज हवाओं और बारिश के कारण शहरी क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कई घंटों से बिजली गुल है। ओलावृष्टि से आम, चार, तेंदू और जामुन की फसलों को नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था। आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बदला मौसम छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम बदला हुआ है। तेज गर्मी के बीच हुई बरसात से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज भी 5 जिलों बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद सहित कुछ हिस्सों के लिए यलो अलर्ट है। यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इससे पहले रविवार देर शाम को रायपुर, बिलासपुर और पेंड्रा सहित कई हिस्सों में अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। कुछ देर की बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। जगदलपुर में दिन का पारा 9 डिग्री लुढ़का है। वहीं कुछ हिस्सों में 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।


