JMM का बिहार विधानसभा में 12सीटों पर दावा:राजद की चिंता बढ़ी, गठबंधन धर्म में उलझा पार्टी, पिछले चुनाव में उतारे थे उम्मीदवार

झारखंड की सबसे बड़ी सत्तारूढ़ पार्टी जेएमएम बिहार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाएगी। गठबंधन धर्म के आधार पर राजद से 12 सीटों की मांग की है। हांलाकि यह आधिकारिक नहीं है। लेकिन जेएमएम की इस इच्छा से राजद की चिंता बढ़ गई है। बिहार विधानसभा में हिस्सेदारी को लेकर जेएमएम की राजद और कांग्रेस जैसी सहयोगी पार्टियों से पिछले 6 महीने से चर्चा चल रही है। हाल में रांची में हुए जेएमएम के महाधिवेशन में भी इस बात की चर्चा हुई। जेएमएम का बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने के पीछे का तर्क है कि सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्रों में जेएमएम का जनाधार है। पार्टी सूत्रों की माने तो जेएमएम जिन सीटों को लेकर अपनी दावेदारी करेगी उनमें तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुरगंज, रूपौली, रामपुर, बनमखनी, जमालपुर, पीरपैंती और चकाई है। 2020 में JMM अकेले लड़ी थी चुनाव ऐसा नहीं है कि जेएमएम पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी इससे पहले भी चुनाव लड़ चुकी है। 2020 में तीन चरण में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने अपने उम्मीदवार भी उतारे थे। यह दूसरी बात है कि एक भी उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सका। 2020 के चुनाव में जिन उम्मीदवारों को उतारा था, उनमें चकाई से एलीजाबेथ सोरेन, झाझा से अजीत कुमार, कटोरिया से अंजेला हांसदा, मनीहारी से फूलमणी हेम्ब्रम और धमदाहा से अशोक कुमार हांसदा शामिल हैं। बिहार में जनाधार तो दावा भी होगा चुनाव लड़े जाने की बात को लेकर पार्टी का कहना है कि महागठबंधन की पार्टियों से इस विषय पर गंभीर बातचीत की जाएगी। पार्टी मानती है कि बिहार में हमारी पार्टी का जनाधार भी है और इस लिहाज से पार्टी दावा भी करेगी। पार्टी पदाधिकारियों को इस बात की उम्मीद भी है कि महागठबंधन के सहयोगी भी हमारी बातों पर ध्यान देंगे। चुनाव और सीटों को लेकर आंतरिक चर्चा हुई है। वहीं उनकी पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे हैं। झारखंड विधानसभा के सीट बंटवारे से उम्मीद बिहार विधानसभा में जेएमएम की दावेदारी के पीछे झारखंड विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे का भी आधार है। बिहार के पिछले चुनाव में जेएमएम ने राजद पर कई आरोप लगाते हुए अकेले दम पर चुनाव लड़ा था। यह दूसरी बात की कोई जीता नहीं। झारखंड में गठबंधन दल के साथी राष्ट्रीय जनता दल को छह विधानसभा सीटें मिली। इन विधानसभा सीटों में देवघर, गोड्डा, कोडरमा, चतरा, विश्रामपुर व हुसैनाबाद सीट राजद की झोली में थे। ऐसे में जेएमएम को उम्मीद है कि बिहार में भी राजद-कांग्रेस गठबंधन धर्म का पालन करेगी। शिबू सोरेन से लालू की पुरानी दोस्ती राजद और झामुमो के बीच तालमेल कितना होगा यह तो समय तय करेगा। लेकिन, दोनों दलों के अध्यक्ष के बीच पुराना तालमेल हैं। कभी झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की बदौलत लालू प्रसाद बिहार में सत्तारूढ़ हुए थे। लालू प्रसाद और शिबू सोरेन की जोड़ी मशहूर थी। मोर्चा से सहायता मिलने के बाद तात्कालिक मजबूरी के चलते लालू ने झारखंड स्वायत्तशासी पर्षद की मंजूरी दी थी। इससे बिहार से अलग झारखंड गठन का रास्ता साफ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *