फाजिल्का में अबोहर के सीतो रोड पर सीवरेज की समस्या से लोग परेशान हैं। रेलवे फाटक के पास स्थित सीवरेज चैंबर के लगातार जाम होने से सड़क पर गंदा पानी फैल जाता है। स्थानीय निवासियों ने सोमवार को एसडीएम कृष्ण लाल राजपूत को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। माडल टाउन, गुरदयाल नगर, एसबीएस नगर, एकता कालोनी और रेलवे फाटक के आसपास के निवासियों का कहना है कि सड़क पर फैले दूषित पानी से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। साथ ही हाल ही में बनी नई सड़क के टूटने की आशंका भी है। तहसील जाने वाला रास्ता खराब इस मार्ग पर छह स्कूल और अस्पताल हैं। हर दिन हजारों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। स्कूली बच्चों को भी दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ता है। यह अबोहर तहसील जाने का मुख्य रास्ता है। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों में परमिंदर सिंह, मंगल सिंह, इकबाल सिंह, सुदेश कुमार, राजीव कुमार, विजय पाल, रमेश कुमार और शलविंदर कुमार शामिल थे। उनका कहना है कि वे कई बार निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।


