झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे कोडरमा:कहा- पाकिस्तान का पानी रोकने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, आतंकियों को हर हाल में मारिए

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को कोडरमा के झुमरीतिलैया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। उन्होंने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलों की निंदा की। बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कहा-पाकिस्तान का पानी रोकने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आतंकियों को हर हाल में मारिए। डॉ. इरफान अंसारी 27 तारीख की शाम को कोडरमा पहुंचे। उन्होंने एक दिवसीय दौरे में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सोमवार की सुबह उन्होंने कोडरमा के जलवाबाद स्थित मदरसे का दौरा किया। वहां उन्होंने छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के बारे में कहा कि वे कांग्रेस की ही उपज हैं। विधायक डॉ. नीरा यादव के गायन कौशल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्मों में प्रयास करना चाहिए। रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद सेठ को कश्मीर जाना चाहिए था, लेकिन वे रांची में हैं। स्वास्थ्य मंत्री को करना पड़ा विरोध का सामना
इधर, झुमरीतिलैया में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक एवं समीक्षा बैठक में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री और प्रभारी मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी विरोध का सामना करना पड़ा। दर्जनों महिलाएं हांथो में तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और मंच पर बैठे मंत्री के सामने एक खास मामले को लेकर डोमचांच सीओ को बर्खास्त करने की मांग करने लगीं। विरोध के बढ़ते स्वर को देखते हुए मंत्री इरफान अंसारी को माइक थामना पड़ा और लोगो को शांत कराना पड़ा। विरोध कर रहे लोगों को मौजूद कार्यकर्ताओं ने बैठाया। मंत्री ने कहा कि अगर सीओ गलत करेंगे तो उन्हें हटाया जाएगा। किसी की अगर डीसी से, एसपी से और सिविल सर्जन से शिकायत है तो बताइए, लेकिन इस तरह से विरोध करना ठीक नही है। उन्होंने कहा कि सरकार आपके सामने बैठी है, समस्या का समाधान होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *