सत्रिया नृत्य सर्किट में डॉ. अनवेशा महंता ने दी प्रस्तुति:इंटरनेशनल डांस डे पर स्पिक मैके की ओर से हुआ आयोजन, स्टूडेंट्स को शास्त्रीय नृत्य की दिखाई खूबसूरती

भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संस्कृति को युवाओं के बीच बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंटरनेशनल डांस डे के उपलक्ष्य में स्पिक मैके जयपुर चैप्टर की ओर से तीन दिवसीय सत्रिया नृत्य सर्किट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध सत्रिया नृत्यांगना डॉ. अनवेशा महंता ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्पिक मैके जयपुर चैप्टर की कोऑर्डिनेटर डॉ. मृणाली कांकर ने बताया कि तीन दिवसीय सत्र में डॉ. अनवेशा महंता ने सवाई भवानी सिंह स्कूल, आर्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, महावीर पब्लिक स्कूल, कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, और स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SKIT) में नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत सत्रिया नृत्य की उत्पत्ति और इतिहास को साझा करते हुए हुई। इसके बाद डॉ. अनवेशा ने राम नाम स्मरण से नृत्य की शुरुआत की और “शुद्ध नृत्य” के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रस्तुतियों में उन्होंने भगवान विष्णु के दस अवतार, कृष्ण लीला, लक्ष्मी के आठ अवतारों तथा पूतना मोक्ष जैसी विविध कथाओं को जीवंत कर दिखाया। उनके नृत्य में हस्त संचालन, पद संचालन और भाव भंगिमाओं की अद्भुत छटा देखने को मिली। प्रस्तुति में डॉ. अनवेशा महंता के साथ हरिप्रसाद सांखियां ने खोल वादन, गौतम बयन ने गायन और प्रसन्न बरुह ने बांसुरी पर संगत की। संगीत और नृत्य के अद्भुत समन्वय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नृत्य के बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं के भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संस्कृति से जुड़े प्रश्नों के भी उत्तर दिए। डॉ. मृणाली कांकर ने बताया कि कार्यक्रम का समन्वय अजीत पंडित, हिमानी खींची के साथ मिलकर किया गया। वहीं, सभी कार्यक्रम स्थलों पर स्पिक मैके की ओर से अजीत पंडित, मीनल अग्रवाल सहित अन्य वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे, जिन्होंने भारतीय संस्कृति और विरासत के प्रति युवाओं को जागरूक किया। स्पिक मैके की नॉर्थ राजस्थान स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. रचना असोपा और सचिव मनीष जैन ने इस सर्किट के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास किया। यह आयोजन तिजारा, अलवर और जयपुर के विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों — सवाई भवानी सिंह स्कूल से वैदेही सिंह, आर्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से डॉ. राहुल श्रीवास्तव, महावीर पब्लिक स्कूल से सीमा जैन, कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय से डॉ. सीमा अग्रवाल और एसकेआईटी से डॉ. रोहित मुखर्जी — ने भी प्रतिभाग किया और आयोजन को सराहा। तीनों दिन कुल मिलाकर करीब 300 से 400 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस सांस्कृतिक समारोह में भाग लिया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।ं

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *