करौली के सपोटरा क्षेत्र के नारौली डांग वन क्षेत्र में सोमवार को अचानक आग लग गई। आग इनायती, लुलोज और खिरखिड़ी के पहाड़ी इलाकों तक फैल गई। इससे सैकड़ों पेड़-पौधे और वनस्पतियां जल गईं। वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वनकर्मियों की टीम को मौके पर भेजा। नगर पालिका सपोटरा से दमकल को भी बुलाया गया। पहाड़ी क्षेत्र दुर्गम होने के कारण दमकल वहां सीधे नहीं पहुंच पाई। वन विभाग की आठ सदस्यीय टीम ने हाथों से आग बुझाने का काम किया। फॉरेस्टर राजेश कुमार मीणा के अनुसार, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इससे बड़े नुकसान से बचा जा सका। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।


