काशी में कारोबारी पिता-बेटे को गोली मारी, ज्वैलरी लूटी:स्टेशन से घर लौटते वक्त कार से आए बदमाशों ने की वारदात

वाराणसी में कारोबारी पिता और बेटे को बदमाशों ने गोली मार दी। पिता रविवार तड़के मुंबई से ट्रेन से लौटे। बेटा उन्हें लेने के लिए स्टेशन गया। दोनों लोग स्कूटी से तड़के 4 बजे घर लौट रहे थे, तभी कमच्छा के पास कार सवार बदमाशों ने रोक लिया। बदमाश कारोबारी दीपक से ज्वैलरी भरा बैग छीनने लगे तो उन्होंने विरोध किया। बदमाशों ने उनके बेटे आर्यन के पैर में गोली मार दी। यह देखकर दीपक हताश होकर बैठ गए। लुटेरों ने उनसे बैग छीन लिया और दीपक की पीठ पर गोली मार दी। गोली लगते ही पिता-पुत्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दोनों को BHU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां पिता की हालत गंभीर है। काशी में लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल तुरंत अस्पताल पहुंचे। शहर के 12 थानों में नाकाबंदी कर 20 चौराहों समेत कई जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की एक टीम सीसीटीवी सेंटर में पूरे शहर के फुटेज खंगाल रही है। घटना में लाखों के जेवरात लूटने की बात सामने आ रही है। ज्वैलरी लेकर मुंबई से लौट रहे थे
भेलूपुर के गुरुधाम कॉलोनी निवासी दीपक सोनी (46) शहर के एक बड़े सर्राफा कारोबारी के शोरूम पर थोक का काम करते हैं। वह बड़े शहरों में ज्वैलरी तैयार करवाते हैं और उसे वाराणसी में सप्लाई करते हैं। 3 दिन पहले वह मुंबई गए थे। ऑर्डर पूरा होने के बाद वहां से ज्वेलरी लाना था। रविवार तड़के 4 बजे ट्रेन से वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे। बैग में ज्वेलरी होने के चलते दीपक ने अपने बेटे आर्यन को स्टेशन बुला लिया। स्कूटी पर दोनों घर लौट रहे थे। तभी कमच्छा के पास कार सवार कुछ लोग उनका पीछा करने लगे। बेटे ने स्कूटी तेज की तो बदमाशों ने ओवरटेक करके उसे रोक लिया और वारदात की। हमलावरों को पता था मुंबई से लौट रहे हैं सर्राफ
दीपक लंबे समय से मुंबई से नई डिजाइन के जेवरात लाने का काम करते थे। उनके मोहल्ले में सभी को पता है कि दीपक महीने में दो-तीन बार मुंबई जाते हैं। माना जा रहा है कि हमलावरों को भी इसकी जानकारी थी। उन्होंने स्टेशन से ही पीछा करना शुरू कर दिया। वारदात से लग रहा है कि लुटेरे दीपक का पूरा मूवमेंट जानते थे। स्टेशन से लेकर कमच्छा तक कई बार स्कूटी रुकवाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। जब लगा कि चंद मिनट में दीपक का मोहल्ला आ जाएगा तो गालियां देकर स्कूटी रोकने को कहा, फिर स्कूटी धीमी होते ही ओवरटेक करते ही पिस्टल निकाल ली। सभी CCTV की चेकिंग
वारदात के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों को BHU ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची। कमिश्नर मोहित अग्रवाल भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। दीपक सोनी का हाल जाना। उनसे पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद डीसीपी काशी और एसीपी भेलूपुर समेत पुलिस अफसरों के साथ घटनास्थल पहुंचे। आसपास के लोगों से भी घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद कमच्छा चौराहे के सभी रूट के CCTV कैमरों की गिनती और मार्किंग करवाई। लुटेरों की तलाश के लिए सीसीटीवी कमांड सेंटर में एक टीम भेजी और तीन टीमों को शहर में लगाया। वहीं 10 थानों में नाकाबंदी करते हुए सघन चेकिंग के निर्देश दिए। भेलूपुर थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पहले धमकाते रहे, बैग नहीं देने पर चलाई गोली
घायल दीपक ने पुलिस को बताया कि कार सवार 5 बदमाशों का टारगेट ज्वेलरी से भरा बैग था। इसलिए उन लोगों ने पहले गोली नहीं चलाई, केवल बैग छीनते रहे। जब बैग देने से इनकार किया और खींचतान शुरू हो गई, तब गोली मारी। हमलावर भेलूपुर की ओर भाग निकले। भोर होने के कारण बाहर कुछ लोग ही टहलते नजर आए, जो गोलियां चलने पर मौके से भाग गए। गोली लगने की सूचना पर परिजन, रिश्तेदार और करीबी लोग BHU ट्रामा सेंटर पहुंच गए। जहां पिता-पुत्र का हाल जाना। दीपक की पत्नी कभी पति तो कभी पुत्र को देखकर रोती बिलखती रही। ————— ये खबर भी पढ़िए- शादी के 10 महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत: झांसी में पिता बोले- शरीर पर चोट ही चोट, 5 लाख नहीं दिए तो बेटी की हत्या कर दी झांसी में शादी के 10 माह बाद ही एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि बेटी मोहनी यादव के शरीर पर चोट ही चोट है। दहेज में 5 लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या की गई है। बेटी का ससुर पुलिस में सिपाही है। ससुराल वाले बेटी को ताने देते थे कि पैसे मिलेंगे तो रानी बनाकर रखेंगे। नहीं मिले तो नौकरानी बनकर रहना होगा।” फिलहाल पुलिस ने मोहनी के शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के कुम्हार का कुआं गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *