भास्कर न्यूज | लुधियाना नशों के खिलाफ युद्ध में अब शहर में चल रहे कार-ओ-बार पर पुलिस की नजर है। सीपी स्वप्न शर्मा ने सरेआम शराब पीने व पिलाने वालों व शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सोमवार रात शिकंजा कसा। इसके लिए सोमवार रात को सीपी ने शहर के 10 एडीसीपी को सड़कों पर उतारा और खुद भी स्पेशल चेकिंग की। शहर के 10 पॉइंट पर स्पेशल नाकाबंदी और चेकिंग की गई। खुद सीपी स्वप्न शर्मा ने बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के बाहर रेड की और कारों में बैठकर शराब पी रहे 10 से ज्यादा लोगों को पकड़कर कार्रवाई की। इसके अलावा एडीसीपी-1 समीर वर्मा ने भी 3 लोगों को पकड़ा। इसके अलावा दूसरे इलाकों में भी चेकिंग के दौरान चिकन शॉप की आढ़ में शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई हुई। सीपी स्वप्न शर्मा का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सीपी ने नशा छुड़ाओ केंद्र का किया दौरा, डॉक्टरों से की चर्चा:सीपी स्वप्न शर्मा ने सोमवार दोपहर को सिविल अस्पताल में नशा छुड़ाओ केंद्र का दौरा किया और डॉक्टरों से चर्चा की। सीपी ने कहा कि पुलिस नशे की सप्लाई चेन तोड़ने में लगी हुई है। इसके अलावा नशा छोड़ने वालों को भी डी-एडिक्शन सेंटर में भर्ती करवाया जा रहा है।


