भास्कर न्यूज | अमृतसर वेरका बाइपास के पास हथियार बरामदगी के बाद पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिस मुलाजिम की सर्विस रिवाल्वर छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने एहतियातन गोली चलाई जिससे बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को अमृतसर के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एडीसीपी क्राइम जगबिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। सीपी भुल्लर ने बताया कि 21 अप्रैल को अमृतसर पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत की गई कार्रवाई के दौरान नवदीप सिंह उर्फ नव, उज्जवल हंस, जश्नदीप सिंह और शिवम सिंह उर्फ बबलू को गिरफ्तार करके 6 पिस्तौल और असलहा बारूद बरामद किया था। गिरोह में शामिल शिवम उर्फ बबलू के खिलाफ अमृतसर और इंदौर में जानलेवा हमला करने के अलावा अलग-अलग धाराओं में कई केस दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान शिवम ने बताया कि उसने एक पिस्तौल वेरका बाइपास के पास छिपाकर रखा है। जिस पर सीआईए स्टाफ की टीम शिवम को रिकवरी के लिए लेकर पहुंची और निशानदेही पर एक पिस्तौल बरामद किया। इस दौरान जब पुलिस पार्टी कागजी कार्रवाई कर रही थी, तो शिवम ने पेशाब करने की बात कही। जिस पर मुलाजिम प्रभजोत सिंह इसके साथ गया, लेकिन इसने प्रभजोत सिंह का सर्विस रिवाल्वर छीनने की कोशिश की और दोनों गुत्थमगुथा हो गए। इस दौरान एएसआई केवल किशन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए गोली चला दी, जिससे शिवम घायल हो गया। जिसे अमृतसर के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कमिश्नर ने कहा कि पुलिस पार्टी ने मुस्तैदी दिखाते हुए उक्त कार्रवाई की है।


