भास्कर न्यूज | अमृतसर पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में स्थित पाकिस्तान दूतावास को बंद करने के आदेश जारी किए थे। इसी के तहत दूतावास से जुड़े कर्मियों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया, जिसके बाद उनके निजी व सरकारी सामान को पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। इसी क्रम में दिल्ली से एक ट्रक अटारी बॉर्डर पहुंचा, जिसमें पाकिस्तान दूतावास से संबंधित कर्मचारियों का सामान लादा गया था। ट्रक चालक उसमान ने बताया कि उन्हें दिल्ली से यह सामान लेकर अटारी बॉर्डर तक छोड़ने के लिए कहा गया है। सुरक्षा कारणों से बॉर्डर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और सामान की पूरी तरह से जांच के बाद ही सीमा पार भेजने की प्रक्रिया की गई। अटारी बॉर्डर पर सोमवार सुबह एक पाकिस्तानी परिवार अपने वतन लौटा। यह परिवार पाकिस्तान के सिंध प्रांत के खैराबाद इलाके का रहने वाला है और भारत में तीर्थ यात्रा तथा दिल्ली भ्रमण के लिए वीजा पर आया था। परिवार के सदस्य दलीप कुमार ने बताया कि परिवार के साथ भारत में तीर्थ स्थलों के दर्शन करने और घूमने के उद्देश्य से आया था मगर उन्हें अपनी यात्रा अधूरी छोड़कर लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह न तो सही तरीके से तीर्थ यात्रा कर सके और न ही ठीक से घूम सके। पाकिस्तानी दलीप कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने गुरुओं के दर्शन करने का सपना देखा था, मगर अधूरी इच्छा के साथ पाकिस्तान लौट रहे हैं।


