प्रशासन व समग्र शिक्षा द्वारा जिला स्तरीय बाल समागम, जिले के बच्चे भी अब सीख रहे मलखंब

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिला प्रशासन एवं समग्र शिक्षा दंतेवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय बाल समागम 2025 का भव्य आयोजन 27 अप्रैल को ऑडिटोरियम जावंगा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा उपस्थित रहे। जिले के पोटाकेबिन एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में 12 से 25 अप्रैल तक आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन समारोह था, जिसमें बच्चों ने संगीत, नाटक, नृत्य, मलखंभ, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्रॉइंग-पेंटिंग, कंप्यूटर साक्षरता एवं खेलकूद जैसे विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञ मास्टर ट्रेनर्स का सहयोग लिया गया था, जिससे बच्चों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भागीदारी की थी। शिविर के दौरान हुई गतिविधियों का संकलित वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसे खूब सराहा गया। अपने संबोधन में विधायक चैतराम अटामी ने बच्चों की प्रतिभा और सीखने की लगन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस क्रम में उनके द्वारा मलखंभ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पोटाकेबिन कुआकोंडा-2 के बच्चों एवं उनके मास्टर ट्रेनर को 5000-5000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। बच्चों ने ग्रीष्मकालीन शिविर में सीखे नृत्य, गीत एवं नाटक प्रस्तुत किए, जिसे सभी उपस्थित अतिथियों ने भरपूर सराहा। श्रेष्ठ आयोजन के लिए अधीक्षक पोटाकेबिन गोडरे, कुआकोंडा-1, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गीदम एवं पोटाकेबिन कारली को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला शिक्षा अधिकारी एसके अंबस्ट, जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप सिंह गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक राजेंद्र पांडेय द्वारा किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *