कवर्धा| गांधी मैदान में 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 101 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने विवाह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने वर और वधु पक्ष तथा उनके परिजनों के ठहरने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। वर और वधु पक्ष के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी ने बताया कि सुबह 8 बजे से गांधी मैदान में सामूहिक विवाह शुरू होगा। 9 बजे वीर सावरकर भवन से दूल्हों की बारात गांधी मैदान के लिए निकलेगी। पुरानी मंडी के पास बारात की परघौनी होगी। आयोजन में उपमुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री, सांसद संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।


