भास्कर न्यूज | कवर्धा नेपाल के पोखरा शहर में हुई अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों से डिप्टी सीएम ने मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सूरज राजपूत ने बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में सात देशों के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए इंटरनेशनल मिस्टर ओवरऑल का खिताब जीता। कवर्धा की पहली महिला वेटलिफ्टर दीपाली सोनी ने 76 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। पुरुषों के 67 किग्रा वर्ग में सब-जूनियर श्रेणी के अभिषेक तिवारी ने वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया। 14 वर्षीय अनुराग जांगड़े ने 109 किलोग्राम वर्ग में सब-जूनियर वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भविष्य की बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं। इन युवाओं की मेहनत, समर्पण और लगन हम सबके लिए प्रेरणा हैं। इनकी उपलब्धि से न सिर्फ जिला, बल्कि प्रदेश और देश का नाम भी रोशन हुआ है।


