भास्कर न्यूज | अमृतसर अनाज मंडी खासा के अंतर्गत आते गांव खुरमानिया में एक गैर-कानूनी आढ़त की चेकिंग करने के लिए गए जिला मंडी अफसर अमनदीप सिंह व उनकी टीम को एक सरकारी अध्यापक ने ही बंधक बना लिया और धमकियां देनी शुरू कर दी। अधिकारियों व स्टाफ ने अपना आपा न छोड़ते हुए इस बाबत डीसी साक्षी साहनी को सूचना दी तो डीसी के हस्तक्षेप के बाद मौके पर पुलिस टीम ने आकर अधिकारियों, स्टॉफ व उनके वाहन को छुड़वाया। अटारी मंडी कमेटी की अधिकारी नवदीप कौर ने बताया कि मंडी अफसर ने बताया कि उनको सूचना मिली थी कि एक सरकारी अध्यापक अपनी रिहाइश में ही आढ़त का काम कर रहा है, जो पंजाब स्टेट एग्रीकल्चरल मार्किटिंग प्रौडयूस एक्ट 1961 का उल्लंघन है। इस कानून के तहत किसानों की तरफ से से लाई जाने वाली फसल को केवल सरकार की तरफ से घोषित मंडियों में ही खरीदा जा सकता है। मौके पर जाकर जब विभाग की टीम ने देखा तो भार तोलने वाला कंडा, सफाई वाला पंखा, सरकारी और प्राइवेट बारदाना, खाली व भरे हुए बारदाने की बोरियां मिली। विभाग की तरफ से आढ़ती का रिकार्ड जब्त कर लिया गया। इस संबंध में थाना घरिंडा प्रभारी अमनदीप कौर को कई बार फोन किया, उन्होंने नहीं उठाया।


