बेटे ने 7 साल बाद गैंगस्टर मोटा का कत्ल कर लिया पूर्व पार्षद गुरदीप की हत्या का बदला, सरेराह सीने में मारी चार गोलियां

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना डी डिवीजन के अधीन आते इलाका काठियांवाला बाजार में शाम साढ़े 4 बजे गैंगस्टर रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सोनू मोटा पर करीब 6 गोलियां चलाई गईं जिसमें से 1 गोली गर्दन और 4 सीने व अन्य हिस्सों पर लगी। घायल अवस्था में उसे श्री गुरु रामदास जी अस्पताल नजदीक शहीदां साहिब ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वारदात को पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह पहलवान के बेटे अभिराज उर्फ अभी पहलवान ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। सोनू मोटा 2 जून 2018 को हुई पूर्व पार्षद गुरदीप पहलवान की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता था। इसी की रंजिश अभिराज उर्फ अभी पहलवान के मन में थी, जिसके चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। मौके पर जांच करती फॉरेंसिक टीम। जमीन पर गिरा गैंगस्टर सोनू मोटा। गोली चलाता अभिराज। गैंगस्टर सोनू मोटा पर लूटपाट, जुआ, एनडीपीएस के अलावा करीब 42 मामले दर्ज थे। वारदात की सूचना मिलते ही एडीसीपी वन विशालजीत सिंह, एसीपी प्रवेश चोपड़ा, थाना डी डिवीजन के प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं फॉरेंसिक विभाग की टीमें करीब 3 घंटे तक घटनास्थल पर सबूत जुटाने में लगी रही। फिलहाल पुलिस ने अभिराज उर्फ अभि पहलवान व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा रोजाना ही गुरुद्वारा गुरु का महल में सेवा करने के लिए जाता है। मंगलवार को करीब साढ़े 4 बजे वह स्कूटी पर जा रहा रहा था कि काठियांवाला बाजार में अभिराज ने अपने साथी के साथ उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। सोनू मोटा ने भागने की कोशिश भी की मगर हमलावरों ने 6 गोलियां चलाई, जिसमें से 5 गोलियां उसे लगी। घायल अवस्था में वह वहीं जमीन पर गिर गया। हमलावर मौके से फरार हो गए, जिसके पश्चात दुकानदारों ने उसे घायल अवस्था में श्री गुरु रामदास जी अस्पताल नजदीक शहीदां साहिब में पहुंचाया, लेकिन उसकी उससे पहले ही मौत हो गई। सोनू मोटा की हत्या करने वाला आरोपी अभिराज उर्फ अभि पहलवान पर भी कई मामले दर्ज है। आरोपी ने 3 जून 2023 को लोहगढ़ में एक युवक पर गोलियां चलाई थी, जिसमें युवक गंभीर घायल हुआ था। इसी मामले में ही आरोपी जेल में था और दो महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके अलावा वर्ष 2022 में एक कबाड़िए पर भी गोलियां चलाने का केस दर्ज है। बता दें कि 2 जून 2018 में कांग्रेसी पार्षद गुरदीप पहलवान की हत्या उस समय कर दी गई थी, जब वह गोलबाग कुश्ती स्टेडियम में शाम के समय पहुंचा था। उस दौरान शुभम और रजत उर्फ करन मस्ती ने उस पर आकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थी। गुरदीप की उसी दौरान मौत हो गई थी। इस हत्या में पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, उसके 6 साथियों बॉबी मल्होत्रा, सोनू कंगला, रजत उर्फ करण मस्ती, रिंका, अरुण छुरीमार, अंग्रेज सिंह और शहर में बुकी का काम करने वाले सोनू मोटा और रिंका के खिलाफ केस दर्ज किया था। जब पुलिस ने जांच शुरु की तो जांच में सामने आया था कि सोनू मोटा ने रिंका के साथ मिलकर जग्गू भगवानपुरिया से गुरदीप पहलवान को मारने के लिए संपर्क किया था और वह ही इस सारी हत्या का साजिशकर्ता था। सोनू मोटा और गुरदीप पहलवान उससे पहले काफी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। आपसी लड़ाई हो जाने के कारण दोनों में रंजिश बढ़ गई थी। एडीसीपी सिटी वन विशालजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी को कब्जे मंे लेकर आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रेड कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *