छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आज फिर से एक सड़क दुर्घटना घटित हुई है। जिसमें एक ट्रेलर चालक ने बाइक सवार को जबरदस्त ठोकर मार दी और वाहन के पहिए से उसका सिर कुचला गया। इससे मौके पर बाइक सवार की मौत हो गई। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक सक्ती जिला के ग्राम बोकरामुड़ा का रहने वाला शिव सिंह कंवर 26 साल घरघोड़ा में किसी कंपनी में डाटा एंट्री ऑपरेटर का काम करता था। सुबह शिव सिंह कटंगडीह से अपना काम खत्म कर बाइक से घरघोड़ा जा रहा था। तभी रास्ते में सामने से आ रही ट्रेलर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जबरदस्त टक्कर मार दिया। इससे शिव बाइक से छिटककर गिर गया और उसका बाइक ट्रेलर में फंसने के बाद वाहन का पहिया शिव के सिर पर चढ़ गया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना के बाद आसपास के लोगों की यहां काफी भीड़ इक्ट्ठा हो गई। तभी मौके का फायदा उठाकर ट्रेलर चालक फरार हो गया। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाते हुए मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


