भास्कर न्यूज|लुधियाना श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर दीप नगर में आयोजित साप्ताहिक संकीर्तन में राधा रानी, माता चिंतपूर्णी और झंडे वाली मैय्या के भजनों से मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। पंडित भरत प्रसाद की अध्यक्षता में हुए संकीर्तन की शुरुआत महिला मंडल ने गणपति वंदना से की। भजन सारी दुनिया है दीवानी राधा रानी आपकी, मैय्या जी मेरी फरियाद भी सुन लो’ और मेहरा वाली की महिमा अपार है जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। पंडित भरत प्रसाद ने कहा कि सत्संग और सत्कर्म हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं, जो न सिर्फ जीवन को दिशा देते हैं बल्कि भावी पीढ़ी को भी संस्कार देते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से ही सत्संग का अवसर मिलता है और भावपूर्वक किया गया नाम सिमरन जीवन में सदा सहायक रहता है।


