भास्कर न्यूज |लुधियाना नगर निगम कर्मचारी संघ ने चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ओवरऐज कर्मचारियों को स्थायी नहीं करने पर सांसद संजीव अरोड़ा के घर का घेराव करने की चेतावनी दी है। संघ ने नगर निगम आयुक्त और डिप्टी मेयर को मांग पत्र सौंपा है और अपनी मांगों को लेकर गेट रैली भी आयोजित की। यूनियन के चेयरमैन नरेश धींगान ने कहा कि नगर निगम लुधियाना के ओवरऐज कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जबकि नगर निगम सदन ने प्रस्ताव पारित किया था और कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र तैयार थे, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि अगर लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव से पहले ओवरऐज कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया, तो यूनियन सांसद संजीव अरोड़ा के घर का घेराव करेगी। गेट रैली के बाद नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर को एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें कई प्रमुख मांगें की गई हैं, जैसे कि ओवरऐज सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों, माली, बेलदारों और ड्राइवरों को स्थायी करना, नगर निगम के कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करना, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करके ठेके पर रखे गए कर्मचारियों को नगर निगम के अधीन करना और पक्के किए जाने वाले ओवरऐज कर्मचारियों को परखकाल से छूट देना। नरेश धींगान ने यह भी कहा कि पिछली सरकार में मुख्यमंत्री रहे चरणजीत सिंह चन्नी ने लुधियाना में यह घोषणा की थी कि 18 जून 2021 से काम कर रहे सभी कर्मचारी स्थायी किए जाएंगे। जब संघर्ष कमेटी ने धरना दिया, तो पूर्व लोकल बॉडीज मंत्री डा. इंदरबीर सिंह निज्जर और शहर के विधायकों ने भी वादा किया था कि कोई भी कर्मचारी अस्थायी नहीं रहेगा। लेकिन नियुक्ति पत्र देने के दौरान उम्र की सीमा 42 वर्ष कर दी गई, जिससे छह महीने पहले भर्ती हुए कर्मचारी स्थायी हो गए, लेकिन पिछले 15-20 वर्षों से शहरवासियों की सेवा करने वाले करीब 900 कर्मचारी स्थायी होने से वंचित रह गए। धिंगान ने कहा कि नगर निगम हाउस ने प्रस्ताव पारित कर सरकार को मंजूरी भेजी थी, लेकिन आज तक उसकी मंजूरी नहीं आई। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व नगर निगम कमिश्नर संदीप रिषि ने ओवर-एज कर्मचारियों की सूची तैयार करके नियुक्ति पत्र भी तैयार कर दिए थे, लेकिन पूर्व लोकल बॉडीज मंत्री बलकार सिंह ने नियुक्ति पत्र देने से मना कर दिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी की सरकार का दोहरा चेहरा सामने आया है।


