भास्कर न्यूज | लुधियाना भारतीय महिला बेसबॉल टीम ने बीएफए चौथे महिला बेसबॉल एशियन कप 2025 क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन किया। यह टूर्नामेंट 23 अप्रैल से 29 अप्रैल तक थाईलैंड के बैंकॉक में हुआ। इसमें आठ देशों इंडोनेशिया, भारत, थाईलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, ईरान, कंबोडिया और मलेशिया की टीमें शामिल थीं। भारत की टीम ने सिल्वर मेडल जीता और अक्टूबर में चीन में होने वाले एशिया कप के लिए क्वालिफाई किया। भारत की टीम में पंजाब की चार खिलाड़ी शामिल थीं। हरविंदर कौर, मनवीर कौर, रमंदीप कौर और नवदीप कौर। यह सभी नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट हैं। भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को 12-4 से हराया। दूसरे मैच में पाकिस्तान को 2-1 से हराया। तीसरे मैच में ईरान को 13-0 से हराया। सेमीफाइनल में थाईलैंड को 6-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भारत को इंडोनेशिया से 4-5 से हार का सामना करना पड़ा। पंजाब बेसबॉल एसोसिएशन के सचिव इंजीनियर हरबीर सिंह गिल और अध्यक्ष सुखदेव सिंह औलख ने खिलाड़ियों को बधाई दी।


