रांची से पटना जा रही बस रामगढ़ में पलटी:पुलिस ने टॉर्च की रौशनी में किया रेस्क्यू, 36 यात्रियों को आई मामूली चोट; ड्राइवर फरार

रांची से पटना जा रही यात्रियों से भरी आरजू नाम की बस बीती देर रात रामगढ़ में दुर्घटना का शिकार हो गई। टायर मोड पर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस घटना में बस सवार 36 यात्री घायल हो गए। उन्हें मामूली चोटें आईं हैं। वहीं, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टॉर्च की रोशनी में एक-एक कर सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। स्लीपर में बैठे यात्री ऊपर से नीचे गिर गए घायल यात्रियों के मुताबिक, चुटूपालू घाटी से उतरने के बाद खलासी ने सभी को रामगढ़ आने की सूचना दी थी। कुछ यात्री मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बस अचानक मुड़ी और पलट गई। स्लीपर में बैठे यात्री ऊपर से नीचे गिर गए। नीचे की सीट पर बैठे लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। हादसे के बाद बस में अंधेरा छा गया। यात्रियों को लगा कि बस किसी वाहन से टकरा गई है। जब यात्रियों ने ड्राइवर और खलासी को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं आया। पता चला कि दोनों हादसे के बाद फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से यात्रियों ने अपना सामान भी निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *