भास्कर न्यूज | कवर्धा ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में प्रयास स्पोर्ट्स अकेडमी कवर्धा के 7 खिलाड़ियों का सलेक्शन हुआ है। इनमें 4 महिला खिलाड़ी और 3 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। महिला वर्ग की प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 3 मई तक और पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 3 मई से 6 मई तक विक्रमापुरी विश्वविद्यालय नेल्लौर (आंध्रप्रदेश) में होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के हेमचंद यादव दुर्ग विश्वविद्यालय की महिला और पुरुष टीम हिस्सा ले रही है। कवर्धा के पीजी कॉलेज में अध्ययनरत महिला वर्ग की सविता कोसले, गौरी जायसवाल, कविता सिन्हा, शानू यादव का सलेक्शन हुआ है। वहीं पुरुष वर्ग के प्रवीण साहू, प्रकाश यादव और छत्रपाल पटेल का चयन हुआ है। खिलाड़ियों के चयन पर नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, डीएफओ शशि कुमार, एसपी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रायपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, पीजी कॉलेज की प्राचार्य ऋचा मिश्रा, दिनेश साहू ने हर्ष जताया है। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के चलते किया गया सलेक्शन राजनांदगांव के कमला देवी कॉलेज में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हुआ था। 19 फरवरी को महिला वर्ग और 23 फरवरी को पुरुष वर्ग के लिए चयन ट्रायल हुआ था। प्रशिक्षण शिविर महिला वर्ग के लिए 22 से 26 अप्रैल तक राजनांदगांव में हुआ। महिला टीम 27 अप्रैल को आंध्रप्रदेश रवाना हुई। पुरुष टीम का प्रशिक्षण शिविर 26 से 30 अप्रैल तक दुर्ग में हुआ। पुरुष टीम 1 मई को दुर्ग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। अकेडमी के संस्थापक राजा पीयूष टाटिया ने बताया कि उनके खिलाड़ी बेसबॉल और सॉफ्टबॉल में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में जूनियर बेसबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भावेश चंद्रवंशी ने सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह टीम भी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेगी। लगातार तीसरी बार इंटरकॉलेज टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता खिलाड़ियों के चयन में पीजी कॉलेज कवर्धा के खेल शिक्षक खेलन मोहले का अहम योगदान रहा। उन्होंने कॉलेज में सॉफ्टबॉल को बढ़ावा दिया और टीम ने लगातार तीसरी बार इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। छीरपानी कॉलोनी ग्राउंड में लगभग 100 खिलाड़ी रेगुलर सॉफ्टबॉल और बेसबॉल की प्रेक्टिस कर रहे हैं। कोच राजा जोशी खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखा रहे हैं।


