पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा- विधायक महोदय मदहोशी में जी रहे हो, जनता ने एक बार तो आपको मौका दे दिया लेकिन बार-बार नहीं देगी। इसलिए होश में आओ और जनता ने जिस भावना के साथ चुनाव जिताया है, उनके काम करो। उन्होंने यह बात राज्य की भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल को विफल बताते हुए सिकराय विधानसभा मुख्यालय पर आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा- पहले सिकराय विधानसभा क्षेत्र का नाम नंबर वन पर लिखा हुआ आता था तो हम सबका सिर गर्व से ऊंचा रहता था। लेकिन आज निचले पायदान पर देखकर हम लोगों को शर्म आ रही है कि हमारा जनप्रतिनिधि कैसा है। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, मैंने तो रिजल्ट के दिन विधायक चुने जाने पर विक्रम बंशीवाल को बधाई दी थी कि हमने सिकराय को उन्नति वाला क्षेत्र बनाया है, ऐसे में यहां के विकास कार्यों को और आगे बढ़ाओ। लेकिन एक साल की रिपोर्ट देखकर लगता नहीं की विकास हुआ है। नीचे ही सही लिस्ट में नाम तो आ रहा पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरिट में प्रथम स्थान आने वालों का नाम दुनिया की नजरों में आता है या फिर सबसे नीचे आने वालों का, जबकि बीच वाले को तो कोई पूछता ही नहीं है। हमारे कार्यकाल में तो नंबर वन पर नाम आता था और आज सबसे नीचे आ रहा है, लेकिन नीचे ही सही नाम तो आ रहा है। अब भी कहना चाहते हैं कि 4 साल बचे हैं, मेहनत करो। वही डॉ. अंबेडकर पर टिप्पणी के मामले में केंद्रीय गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि शाह ने बाबा साहब का अपमान कर संविधान के मूलभूत सिद्धांतों का अपमान किया है। हमारी मांग है या तो अमित शाह खुद इस्तीफा दें या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें पद से हटाए। यहां पूर्व मंत्री के नेतृत्व में सिकराय व भांडारेज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता जुटे थे, जिन्होंने इंदिरा गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रमुख हीरालाल सैनी, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, जिला उपाध्यक्ष शिवराम मीना, ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज मीना, भांड़ारेज ब्लॉक अध्यक्ष लटूरमल सैनी, सिकन्दरा प्रधान सुल्तान बैरवा, पूर्व प्रधान किशनप्यारी मीना, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बद्रीप्रसाद मीना, बनवारी चांदेरा, शिवकुमार जोशी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनपुट: देवेन्द्र सैहणा


