मंत्री खर्रा बोले-कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर:इन्हें जनहित के काम पच नहीं रहे; राहुल गांधी 55 साल के युवा, अभी भी मैच्योर नहीं हो पाए हैं

कांग्रेस द्वारा केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर किए जा रहे धरना-प्रदर्शन पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पलटवार किया है। मंत्री का कहना है कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है। पिछले एक साल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जिस तरह से राज्य सरकार ने जनहित के काम किए हैं। वो कांग्रेस को पच नहीं रहे हैं। कांग्रेसी नेता अर्नगल प्रलाप करके प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। जनता इनके बहकावे में नहीं आ रही है। इससे ये ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा- हमारी सरकार ने पिछले एक साल में भ्रष्टाचार, पेपरलीक पर अंकुश लगाया है। युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए अगले एक साल का भर्ती कलेंडर भी जारी कर दिया है। वहीं, अब तक जो भर्ती परीक्षाएं हुई हैं, वह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हुई हैं। इससे कांग्रेस में भारी व्याकुलता है। इसी व्याकुलता की वजह से इस प्रकार के धऱना-प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल 55 साल के युवा, अभी भी मैच्योर नहीं हुए
झाबर सिंह खर्रा ने कहा- कांग्रेस ने सदैव भीमराव अम्बेडकर का अपमान किया है। उनका अपमान करने में इन्होंने कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। इन्होंने अपने कार्यकाल में कभी बाबा साहब का कोई स्मारक नहीं बनवाया। नेहरू, इंदिरा और राजीव ने खुद को भारत रत्न दे दिया। बाबा साहेब को इन्होंने भारत रत्न नहीं दिया। इन्होंने हमेशा बाब साहब का अपने हित में उपयोग किया। केवल भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जिसने बाबा साहब को उनके पद के अनुसार सम्मान देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। यह विचार जैसे-जैसे आदिवासी और दलित वर्ग में फैल रहा है, वैसे-वैसे कांग्रेस सहित बाकी पार्टियों में घबराहट पैदा हो रही है। उसी घबराहट का नतीजा है कि यह लोकसभा में खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हरकतें कर रहे हैं। इन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के भाषण का छोटा सा अंश काटकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया है। जनता इनके भ्रम जाल में फंसने को बिल्कुल भी तैयार नहीं है। राहुल गांधी के सवाल पर खर्रा ने कहा- राहुल गांधी के बारे में क्या कहें। वो 55 साल का युवा जो अभी भी मैच्योर नहीं हो पाया हैं। उसके बारे में, मैं समझता हूं कोई भी टिप्पणी करना ज्यादा उचित नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *