इंदौर के विजयनगर में एक दंपती के साथ लूट की वारदात हो गई। घटना में एक फिजियोथेरेपिस्ट महिला का मोबाइल बदमाश लेकर फरार हो गए। बताया गया है कि सिग्नल पर रुकी पैसेंजर ऑटो रिक्शा में बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान महिला के पति के साथ बदमाशों की झूमाझटकी हुई। बैग से मोबाइल नीचे गिरने पर बदमाश मोबाइल उठाकर भाग निकले। पुलिस ने हुलिए के आधार पर संदिग्धों से रात में पूछताछ शुरू की है। विजयनगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरभि पटवा “द एड्रेस” टाउनशिप में रहती हैं और पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट हैं। रात करीब 10 बजे वह विजयनगर के आर्बिट मॉल से अपने पति के साथ रिक्शा में घर जाने के लिए बैठी थीं। रेड सिग्नल होने पर वे रेडिसन होटल के पास रुके। भीड़ ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन भाग गए महिला के पति एंटोन सुमन रिक्शा के गेट के पास बैठे थे। इस दौरान दो बदमाशों ने उनके कंधे पर टंगा बैग छीनने की कोशिश की। जब पति ने बैग नहीं छोड़ा, तो दोनों बदमाशों ने ताकत लगाकर बैग खींचने की कोशिश की। पति ने बैग को जोर से पकड़ा और अपनी ओर खींच लिया, जिससे बैग से मोबाइल नीचे गिर गया। बदमाशों ने मोबाइल उठाया और भागने लगे। भीड़ ने उनका पीछा किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। इस झड़प में पति के हाथ में खिंचाव आने के कारण उन्हें भंडारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और केस दर्ज कराया गया। पुलिस इस मामले में दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।


