भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना में बढ़ती गर्मी के बीच लीलन कॉटन की डिजाइनर शर्ट का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। युवाओं से लेकर नेता और सिंगर तक, हर कोई इस स्टाइलिश, लेकिन गर्मियों में आरामदायक कपड़े की तरफ आकर्षित हो रहा है। बाजार में इन शर्ट की कीमत 5 हजार से लेकर 20 हजार रुपए तक पहुंच रही है। खास बात यह है कि 4 जेब वाली कस्टमाइज डिजाइन का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है, जिसकी कीमत 10 से 15 हजार रुपए तक जाती है। शहर के फैशनप्रेमी युवक अब सिंपल नहीं, बल्कि डिजाइनर और पर्सनलाइज्ड शर्ट पहनना पसंद कर रहे हैं। ओपन स्टाइल और फॉर्मल दोनों लुक में पहनने योग्य इन शर्ट में इस बार डिजाइनर बटन का भी जबरदस्त इस्तेमाल हो रहा है, जिससे यह और खास बन रही हैं। मॉडल टाउन के दुकानदार सिमरन बताते हैं कि लीलन कॉटन का कपड़ा इस समय 3 से 5 हजार रुपए प्रति मीटर में बिक रहा है। बीते साल के मुकाबले इस बार कपड़ा करीब 200 रुपए महंगा हो गया है, लेकिन ग्राहकों की दिलचस्पी और ऑर्डर में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने बताया कि रोजाना कम से कम 10 शर्टिंग शर्ट के ऑर्डर मिल रहे हैं। शहर के नामी कारोबारी और नेता भी अब इस कपड़े से शर्ट बनवा रहे हैं। कुछ नेता तो पारंपरिक 4 जेब वाली डिजाइनर शर्ट बनवा रहे हैं, जो राजनीतिक मंचों और शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में अलग पहचान देती है। इन शर्ट की कीमत 10 से 15 हजार रुपए तक जाती है। दुकानदार रिक्की बताते हैं कि लीलन कॉटन की खासियत यह है कि यह गर्मी में भी शरीर को ठंडा रखता है और स्टाइलिश लुक देता है। इसमें कई क्वालिटी उपलब्ध हैं और हर साल इसकी डिजाइन में नए बदलाव देखने को मिलते हैं। इस बार खासतौर पर चार जेब और दो जेब वाली शर्ट का ट्रेंड मार्केट में छाया हुआ है। इसे युवा सफेद टीशर्ट के ऊपर ओपन स्टाइल में पहन रहे हैं या फिर बटन बंद कर फॉर्मल लुक में भी कैरी कर रहे हैं। इस बार सबसे ज्यादा डिमांड सफेद, स्काई ब्लू, पिस्ता, लाइट पिंक और लाइट पर्पल रंग की शर्ट की है। इन रंगों को खासतौर पर गर्मियों के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। दुकानदारों के मुताबिक, युवाओं में इस बार इस फैशन को लेकर अलग ही उत्साह देखा जा रहा है। डिमांड डबल हुई: 3 महीने में बन चुकी हैं 2000 से ज्यादा शर्ट सिमरन ने बताया कि पिछले साल गर्मियों में करीब 1000 डिजाइनर शर्ट तैयार की गई थीं, जबकि इस साल अभी तक 2000 से ज्यादा शर्ट तैयार की जा चुकी हैं। इस बार 5 से 7 हजार रुपए वाली शर्ट की सबसे ज्यादा डिमांड है। फैशन और कंफर्ट का यह कॉम्बिनेशन लुधियाना के युवाओं को खासा लुभा रहा है। शहर के उभरते सिंगर और युवा नेता भी इस फैशन को बढ़ावा दे रहे हैं। ये शर्ट सिर्फ गर्मी में ठंडक देने वाली नहीं, बल्कि अब स्टेटस और स्टाइल का भी प्रतीक बन गई हैं।


