लुधियाना में हर साल की तरह इस बार भी रविवार को श्री तिरुपति बाला जी की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा शहर के दुर्गा माता मंदिर जगराओं पुल से शुरू हुई, जहां पर भगवान का पूजन आरती कर यात्रा का शुभारंभ हुआ। रथयात्रा की रवानगी से पहले बाला जी के जयघोष लगाए गए और बाद में यात्रा को संत समाज के अलावा यात्रा कमेटी के चेयरमैन दर्शन लाल बवेजा, उपाध्यक्ष विजय बवेजा, अध्यक्ष संजीव सचदेवा शेरू, बाबी कांसल, विनीत बवेजा, संजय जैन बरनाला ने झंडी दिखा रवाना किया। इसमें लुधियाना के अलावा जालंधर, फिरोजपुर, फगवाड़ा, बरनाला, बठिडा, मानसा, अमृतसर, पटियाला, संगरूर समेत पंजाब के शहरों से लोग पहुंचे। रथयात्रा के आगे-आगे लोगों ने झाड़ू लेकर पैदल साफ सफाई की। वही जगह-जगह लंगर भी लगाए गए। दुर्गा माता मंदिर से होती हुई फिरोजपुर रोड तक पहुंची
रथयात्रा दुर्गा माता मंदिर से होती हुई फाउंटेन चौक, कॉलेज रोड, घुमार मंडी, आरती चौक, फिरोजपुर रोड से होकर गुजरी। रथ में सवार तिरूपति बाला जी के साथ-साथ मां भू देवी और मां पद्दावति ने लोगो को दर्शन दिए। रथ को कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है जिसके लिए स्वर्ण के रत्न जडित झाड़ू भी तैयार किए गए। रथयात्रा को लेकर यात्रा रास्तों पर पुलिस द्वारा सुरक्षा के जहां कड़े इंतजाम किए गए तो वहीं कई रूट भी डायवर्ट किए गए ताकि लोगों को ट्रैफिक संबंधी परेशानी न आ सके। वहीं यात्रा में सिविल वर्दी में भी पुलिस बल तैनात किया गया।


