दोपहर तक धूप, शाम को अंधड़, गरज-चमक के साथ 9 मिमी बरसे बादल

भास्कर न्यूज | बालोद द्रोणिका सिस्टम के असर से मई के पहले दिन गुरुवार को शाम 5.15 बजे से देर शाम, रात तक आंधी-तूफान के साथ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बौछार पड़ती रही। इस दौरान 35 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। शाम 6.30 बजे तक जिलेभर में 9 मिमी पानी गिर चुका था। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में बारिश होने का दौर जारी रहा। ऐसे में आंकड़े बढ़ने का अनुमान है। सुबह से शाम तक मौसम मंे उतार-चढ़ाव का दौर चला। सुबह से दोपहर तक धूप खिली रही। शाम 5 बजे के बाद अचानक गरज-चमक के साथ आंधी तूफान का सिलसिला चला। बेलौदी मार्ग में नजारा ऐसा रहा कि पिकअप में सवार लोग खुद को बचाने उतरकर भागते दिखे। सीएसईबी के ईई एसके बण्ड ने बताया कि गरज-चमक अंधड़ के साथ बौछारें पड़ रही है, इस वजह से सुरक्षा के लिहाज से बिजली सप्लाई बंद है। स्थिति सामान्य होने पर व्यवस्था बहाल हो जाएगी। बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। ग्राम जगन्नाथपुर में वेंकटेश मिश्रा के बाड़ी में कटहल के पेड़ पर बिजली गिरी। पेड़ बीच से कटकर गिर गया। पास ही खड़ा सागौन का पुराना पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। हादसे के वक्त कोई बाहर नहीं था। सभी लोग गरज-चमक के बीच घरों में थे। बारिश थमने के बाद जब लोग बाहर निकले तो आग और धुआं उठता देख घबरा गए। पास जाकर देखा तो बिजली गिरने की बात सामने आई। गांव के युगल किशोर साहू के मकान का पूरा टीन शेड आंधी में उड़ गया। जिले के अन्य इलाकों में भी बारिश और आंधी से नुकसान हुआ है। खाड़ी से नमी आएगी, 48 घंटे में बारिश के आसार: मौसम विभाग के अनुसार एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण पश्चिम राजस्थान से उत्तर केरल तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इस सिस्टम के असर से मौसम में बदलाव हुआ है। आगे भी यह स्थिति रहने का अनुमान है। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी पड़ सकता है। इस स्थिति में बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी से बादल छाए रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटे में एक-दो स्थान पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। यह स्थिति 3 मई तक रहने की संभावना है। हालांकि तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है। आज दिन व रात का पारा एक डिग्री बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *