भास्कर न्यूज | अमृतसर स्टेट स्पेशल आप्रेशन सेल के काउंटर इंटेलिजेंस विंग की तरफ से गिरफ्तार किए गए अभिषेक कुमार निवासी गांव मीरांकोट कलां से पूछताछ के बाद फरार तस्कर जोधवीर सिंह उर्फ जोधा के ठिकाने से पांच किलो हेरोइन बरामद की है। हेरोइन की उक्त खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मंगवाई गई थी। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इटेंलीजेंस की टीम ने तस्कर अभिषेक कुमार को चार दिन पहले गिरफ्तार किया था। आरोपी आस्ट्रेलिया में बैठे तस्कर जस्सा के निर्देशों पर हथियार आदि सप्लाई कर रहा था। आरोपी के कब्जे से सात पिस्तौल और डेढ़ लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई थी। उससे पूछताछ में पता चला कि आस्ट्रेलिया स्थित हैंडलर जस्सा और उसके साथी जोधवीर सिंह के पाकिस्तान आधारित तस्करों से संबंध है । सीआई पुलिस टीम ने छापामारी करते तस्कर जोधवीर के घर से 5 किलो हेरोइन और 1 करंसी गिनने वाली मशीन बरामद की है ।


