अमृतसर| गुरु नानक देव विश्वविद्यालय परिसर में 2 छात्रों ने पुरानी रंजिश के चलते दूसरे छात्र पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद दोनों छात्रों ने परिसर से भागने की कोशिश की। जिसे सुरक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पकड़ लिया। बीते बुधवार सुबह 11.15 के करीब जीएनडीयू के फव्वारा चौक पर लांग लाइफ लर्निंग विभाग के छात्र कन्हैया और कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्र संभव कुमार ने शारीरिक शिक्षा विभाग के बीपीएड के छात्र गौरव पर पुरानी रंजिश के चलते हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। जिसके बाद दोनों जीएनडीयू परिसर से भागने की कोशिश करने लगे तो सुरक्षा विभाग ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस चौकी माहल को सौंप दिया। दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल गौरव को कैंपस हेल्थ सेंटर ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे गुरु नानक देव अस्पताल रैफर कर दिया, जहां वह उपचाराधीन है।


