भास्कर न्यूज | राजनांदगांव राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सुविधा योजना शुरू की है। इसमें दूरस्थ इलाकों को बस सेवा से जोड़ा जाएगा। ताकि ऐसे हिस्से में रहने वालों को आवाजाही के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कैबिनेट में इसकी स्वीकृति दी है। जिसके बाद ऐसे इलाकों को चिन्हित करने जल्द सर्वे शुरू होगा। परिक्षेत्र परिवहन विभाग द्वारा जल्द ही यह सर्वे किया जाएगा। जिसमें ऐसे हिस्सों को चिन्हित किया जाएगा, जिसमें अब तक बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। वहीं निजी बस ऑपरेटरों से भी इसकी पूरी जानकारी एकत्रित की जाएगी। बस ऑपरेटरों से रायशुमारी कर रुट तय किए जाएंगे। बता दें कि मोहला-मानुपर से लगे अलग-अलग ग्रामीण रुटों पर अब तक बस सेवा नहीं हैं। वहीं खैरागढ़ जिले के भी कुछ हिस्से बस सेवा से बाहर हैं। राजनांदगांव में बोरतलाव और बागनदी इलाके के गांवों में सीधे बस की आवाजाही नहीं हो रही है। इन सभी हिस्सों में रुट तय किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक आबादी को बस सेवा की सुविधा मिल सकें। सरकार ने 18 से 40 सीटर बस के संचालन की तैयारी की है। जिसमें विकलांग वर्ग से लेकर एसटी-एससी व ओबीसी को प्राथमिकता से सुविधा दी जाएगी। वनांचल के गांवों में अभी भी दिक्कतें, सुविधा नहीं नए जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़- छुईखदान- गंडई के कई गांव अभी भी बस सेवा से वंचित हैं। इस नई व्यवस्था से ग्रामीणों को काफी हद तक राहत मिलेगी। वनांचल में औंधी, खड़गांव से लगे इलाके, कोहका के भीतरी हिस्से, बुकमरका तक जाने वाली सड़कों पर अभी भी बस सेवा की सुविधा नहीं है। यही हाल खैरागढ़ के जंगल प्रभावित इलाकों का है। आने वाले समय में इस नई व्यवस्था से काफी हद तक ग्रामीणों को राहत मिलेगी।


