भारतीय बेसबॉल संघ द्वारा पंजाब के संगरूर में 26 से 31 दिसंबर तक 37वीं सीनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए झालावाड़ के दो खिलाड़ियों का राजस्थान टीम में चयन किया गया है। पुरुष टीम में अर्पित सासना और महिला टीम में डिम्पल राणावत को शामिल किया गया है। जिला बेसबॉल संघ के सचिव ललित झा ने बताया कि जयपुर में 23 से 26 नवंबर तक सीनियर राज्य स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इसमें झालावाड़ पुरुष टीम ने पाली को 8-0 से हराया था। वहीं, महिला टीम ने जालोर को 4-1 से हराया था। दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान टीम का चयन किया है। इसमें पुरुष टीम में अर्पित सासना और महिला टीम में डिम्पल राणावत का चयन राजस्थान टीम के लिए किया है। राजस्थान टीम का प्रशिक्षण शिविर जयपुर में 19 से 24 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। खिलाड़ियों के राजस्थान टीम में चयन होने पर जिला संघ और परिजनों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।


