विधवा पुनर्विवाह जन जागृति अभियान:त्यागी समाज की पहल को ग्रामीणों ने दिया समर्थन, विधवा पुनर्विवाह को लेकर हुई बैठक

धौलपुर जिले में त्यागी समाज की युवा टीम की ओर से चलाए जा रहे विधवा पुनर्विवाह जन जागृति अभियान के तहत बदरिका गांव में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के सैकड़ों पुरुषों और माताओं-बहनों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। बैठक में विधवा पुनर्विवाह को लेकर जागरूकता और एकजुटता का संदेश दिया गया। गांव में आयोजित बैठक की अध्यक्षता गांव के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित बुजुर्ग विशंभर दयाल त्यागी ने की। बैठक में महिला जिला अध्यक्ष रानू त्यागी ने कहा कि विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देना समाज में महिलाओं के लिए समानता और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। हमें इस मुहिम को हर घर तक पहुंचाना होगा। बैठक में त्यागी समाज के संरक्षक रोतन सिंह त्यागी ने कहा कि यह अभियान त्यागी समाज की सोच में बदलाव लाने का प्रयास है। विधवा महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ आना होगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे विशंभर दयाल त्यागी ने कहा कि विधवा पुनर्विवाह समाज के नैतिक और सांस्कृतिक उत्थान का माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा टीम की यह पहल समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ हमारी पुरानी गौरवशाली परंपराओं को पुनर्जीवित करेगी। बैठक में मौजूद लोगों ने विधवा पुनर्विवाह को खुले दिल से स्वीकार करने और इसे समाज में प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि युवा टीम और महिलाएं गांव-गांव जाकर विधवा महिलाओं से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगी, ताकि इस अभियान को अधिक प्रभावी और परिणामदायक बनाया जा सके। बैठक में जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष जगदीश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *