मालपुरा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हो रहे कब्जों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सदरपुरा रोड स्थित मॉडल स्कूल के सामने पंचायत भवन के पास करोड़ों की 15- 20 बीघा सरकारी जमीन पर गुरुवार रात अज्ञात दबंगों ने सीमेंट के खंभे गाढ़कर तारबंदी कर अतिक्रमण कर लिया। इसके बावजूद अभी तक इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गई। मामला बढ़ता देख शुक्रवार को प्रशासन की ओर से कुछ खंभों को लोडर की मदद से गिरा दिया गया है, लेकिन अभी तक अतिक्रमियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों के अनुसार यह जमीन पहले बृज लाल नगर ग्राम पंचायत में थी, लेकिन कुछ समय पहले ही यह पंचायत मालपुरा नगर पालिका में शामिल हो गई। उसके बाद दबंगों की नजर इस खाली जमीन पर पड़ी और रातों-रात कब्जा कर लिया। ग्रामीणों कालू, प्रहलाद, जीतराम, राधा देवी, गोपाल, गणेश गुर्जर सहित अन्य ने बताया कि जिस जगह कभी मवेशी चरते थे, वहां अब रातों-रात तारबंदी कर अतिक्रमण कर लिया है। लोगों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर अतिक्रमण हटाने में नाकाम रहे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष ने अतिक्रमण हटाने के ईओ को दिए निर्देश अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर लोगों ने शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष सोनिया सोनी को ज्ञापन दिया। इसको लेकर पालिकाध्यक्ष ने तुरंत प्रभाव से कार्यवाहक ई ओ मालपुरा SDM अमित चौधरी को अतिक्रमण हटा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उसके बाद पालिका की टीम मौके पर पहुंची और लोडर की मदद से कुछ खंभे गिरा दिए , लेकिन बीच में ही अतिक्रमण हटाने वाली टीम वापस लौट गई। इसको लेकर शहर में भी कई तरह की चर्चा हुई। किसी ने कहा कि दबंगों के जान पहचान बड़े स्तर तक है । किसी बड़े नेता से प्रशासन पर दबाव डलवा दिया होगा। इनपुट: राजकुमार पाराशर, डिग्गी।


