रांची | नामकुम के हाहाप जंगल में पहाड़ पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगेगी। हरे-भरे पेड़ के बीच में स्थित इस पहाड़ तक पहुंचने के लिए रास्ते बनाए जाएंगे और नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पहाड़ी क्षेत्र में ही पार्क, कैफेटेरिया, पार्किंग और ऊपर चढ़ने के लिए सीढ़ी भी बनाई जाएगी, ताकि धरती आबा की प्रतिमा तक आसानी से पहुंचा जा सके। इस पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने नामकुम क्षेत्र के हाहाप जंगल सहित आसपास की पहाड़ियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सबसे ऊंची पहाड़ी पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने और पूरा प्लान तैयार करने के लिए कहा। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड की पहचान स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ के रूप में होगी।


