भास्कर न्यूज|लुधियाना स्कूल शिक्षा विभाग ने हाल ही में प्राइमरी स्कूलों में नियुक्त हुए 5994 अध्यापकों की पहली बैच को ट्रेनिंग दी, जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे करीब 80 नए अध्यापकों को शिक्षण तकनीकों, एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी) लक्ष्यों, ई-पंजाब और ऑनलाइन ऐप्स की जानकारी दी गई। ट्रेनिंग की अगुवाई जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) रविंदर कौर और उप जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने की। रविंदर कौर ने अध्यापकों को ईमानदारी और लगन से काम करने की प्रेरणा दी और कहा कि अध्यापन पवित्र पेशा है, जिसमें समाज सेवा और सम्मानजनक वेतन दोनों हैं। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए खुलकर बात करने को कहा। जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर मनमीतपाल सिंह ग्रेवाल ने मिशन समर्थ, विद्या प्रवेश और निपुण भारत मिशन के तहत लक्ष्यों की जानकारी दी। एमआईएस कोऑर्डिनेटर विशाल कुमार ने ई-पंजाब और अन्य डिजिटल टूल्स समझाए। गुरवीर सिंह ने नियुक्ति की शर्तों और सर्विस बेनिफिट्स बताए। ट्रेनिंग में गुरसिमरत सिंह, मनजिंदर सिंह और अमरदीप सिंह ने भी रिसोर्स पर्सन की भूमिका निभाई।


