सेफ लैंडिंग ऑफ चंद्रयान -3 विषय पर एक्सपर्ट टॉक, प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. राधाकांत पाधी बोले- रांची | सरला बिरला विवि में एक्सपर्ट टॉक के अवसर पर ‘सेफ लैंडिंग ऑफ चंद्रयान -3’ विषय का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध वैज्ञानिक व इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बेंगलुरू के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर राधाकांत पाधी शरीक हुए। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष कार्यक्रमों में इसरो निरंतर आगे बढ़ रहा है और इस दिशा में हमने अपनी पुरानी गलतियों से बहुत कुछ सीखा है। रॉकेट रिकवरी पर इसरो के प्रयासों पर विचार किए साझा: उन्होंने भारत के विभिन्न अंतरिक्ष मिशनों पर विस्तार से जानकारों दी। रॉकेट रिकवरी पर इसरो के प्रयासों पर भी विचार साझा किए। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बेंगलुरु द्वारा चंद्रयान -2 की नाकामी को दूर किए जाने, एक्यूरेट लैंडिंग में सॉफ्टवेयर एल्गोरिद्म के इस्तेमाल व ऑप्टिमल सॉफ्टवेयर एल्गोरिद्म से ईंधन की बचत पर व्याख्यान दिया। चंद्रमा पर रफ ब्रेकिंग व फाइन ब्रेकिंग पर भी उन्होंने मौजूद श्रोताओं को जानकारी साझा की। मौके पर विवि के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने आईआईएससी, बेंगलुरु व इसरो के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी। कुलपति प्रो. सी जगनाथन ने ऑप्टिमाइजेशन तकनीक की चर्चा की। उन्होंने अंतरिक्ष से संबंधित विभिन्न मिशनों के लिए इसकी भूमिका पर बल दिया। संचालन डॉ नित्या गर्ग ने किया। मौके पर प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा मौजूद थे।


