महासमुंद| महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घोड़ारी में बीती रात एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपने ससुराल मंदिर हसौद जा रहा था। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। महासमुंद थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि मृतक धीरज यादव ग्राम पंचायत सिंघनगढ़ थाना पटेवा का रहने वाला था। जो बीती रात करीब अपने गांव से अपने ससुराल मंदिर हसौद जा रहा था। तभी ग्राम पंचायत घोड़ारी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थी। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना को देख इसकी सूचना महासमुंद थाना में दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार सुबह 11 बजे पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


