महिला जेई को धमकी और गाली-गलौज मामले में FIR:बिजली चोरी पकड़ने गई अधिकारी से बदसलूकी, आरोपी ने मंत्री-पुलिस तक की पहुंच का दिया हवाला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला बिजली विभाग की महिला जूनियर इंजीनियर मीना कंवर के साथ हुई बदसलूकी के तीन महीने बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महिला जूनियर इंजीनियर जब गांव में बकाया राशि वसूली और अवैध कनेक्शन की जांच कर रही थीं, इसी दौरान आरोपी ने उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की थी। यह घटना 7 फरवरी 2025 की है, जब महिला जूनियर इंजीनियर मीना कंवर अपनी टीम के साथ ग्राम कंचनडीह में बकाया बिजली बिल वसूली और अवैध कनेक्शन की जांच कर रही थीं। इसी दौरान जब जूनियर इंजीनियर उपभोक्ता लेख राम राठौर और माखन राठौर के यहां पहुंची तो जांच में पाया गया कि तीन फेज लाइन से अवैध तार जोड़कर बिजली की चोरी की जा रही थी। इसके अलावा भैंसों के खटाल के लिए भी एक अलग अवैध कनेक्शन लिया गया था। अवैध बिजली कनेक्शन के सवाल पर की बदसलूकी जब मीना कंवर ने इस बिजली के अवैध कनेक्शन को लेकर सवाल पूछा, तो गांव के दौलत राठौर ने बदसलूकी की और गालियां देने लगा। उसने धमकी दी, तुम कौन अधिकारी हो जो मेरी लाइन काटोगी? मेरी पहुंच बड़े मंत्रियों तक है। तुम्हारी नौकरी कल तक नहीं रहेगी। दौलत ने जेई की गरीबी का मजाक उड़ाते हुए उन पर पैसे देकर नौकरी पाने का आरोप लगाया। साथ ही उनकी तस्वीर खींचकर मंत्रियों तक पहुंचाने और रिश्वत के आरोप में नौकरी से हटवाने की धमकी दी। उसने यह भी दावा किया कि पुलिस के पक्ष में है और किसी भी कार्रवाई पर टीम को गांव में खड़ा नहीं रहने देगा। महिला जेई को रिश्वत के आरोप में नौकरी से निकलवाने की दी धमकी इतना ही नहीं, दौलत राठौर ने ग्रामीणों को भड़काने की कोशिश की, मीडिया को बुलाकर जेई पर रिश्वत लेने के झूठे आरोप लगाने की धमकी दी, और उनकी एजुकेशन पर भी तंज कसा। उसने यह भी कहा कि उसकी बहू एक जज है और मीना कंवर से ज्यादा पढ़ी-लिखी है। इस घटना के बाद महिला जेई ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस से की थी। लगभग तीन महीने बाद, पुलिस ने दौलत राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 221-BNS, 296-BNS और 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी ओम चंदेल ने कहा, महिला अधिकारी की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मामले में जांच पूरी कर ली गई है और नियमानुसार धाराएं लगाकर एफआईआर दर्ज की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *